शाहजहांपुर : मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, रेलवे विभाग में मचा हड़कंप
टेन न्यूज़ ii 28 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर/बंथरा (शाहजहांपुर)। जनपद के बंथरा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मालगाड़ी का डिब्बा लूप लाइन पर पटरी से नीचे उतर गया। घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी व कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी लूप लाइन पर शंटिंग के दौरान गुजर रही थी, तभी अचानक एक डिब्बे का पहिया पटरी से उतर गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
गनीमत रही कि इस हादसे का मुख्य रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। रेलवे कर्मियों द्वारा प्रभावित डिब्बे को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खामी या ट्रैक संबंधी समस्या की आशंका जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने जल्द ही स्थिति सामान्य करने का भरोसा दिलाया है।
