मीरानपुर कटरा में सियासी पारा तेज, सर्वेद अंसारी के समर्थन में बनता दिख रहा एकतरफा माहौल
टेन न्यूज ।। 30 अप्रैल 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत कटरा के उपचुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, कस्बे का सियासी पारा चरम पर पहुंचता जा रहा है। चुनावी हलचल के बीच अध्यक्ष पद के प्रत्याशी व मौजूदा सभासद सर्वेद अंसारी के पक्ष में माहौल एकतरफा बनता नजर आ रहा है। लगातार जनसंपर्क और जमीनी सक्रियता ने उन्हें मुकाबले में मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है।
डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के तहत सर्वेद अंसारी अपने समर्थकों के साथ विभिन्न मोहल्लों में पहुंचे। इस दौरान उन्हें आम जनता, बुजुर्गों और महिलाओं का भरपूर समर्थन मिलता दिखाई दिया। कई जगहों पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं बुजुर्गों ने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और युवाओं ने उनके समर्थन में खुलकर भागीदारी दिखाई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सर्वेद अंसारी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को उठाते रहे हैं और हर वर्ग के साथ उनका सीधा जुड़ाव है। यही वजह है कि उनके समर्थन में अब एक मजबूत लहर बनती दिख रही है। खासकर युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उनके पक्ष को और मजबूत कर रही है।
चुनावी माहौल में तेजी से हो रहे इस बदलाव ने अन्य प्रत्याशियों के खेमे में भी हलचल बढ़ा दी है। सियासी समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं और मुकाबला दिन-ब-दिन रोचक होता जा रहा है।
फिलहाल, जिस तरह का जनसमर्थन सर्वेद अंसारी को मिल रहा है, उससे यह कहना गलत नहीं होगा कि मीरानपुर कटरा का यह चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। अब सभी की निगाहें मतदान के दिन पर टिकी हैं, जब यह साफ हो सकेगा कि यह समर्थन वोट में कितना तब्दील हो पाता है।
