विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट का लगाया आरोप, निष्पक्ष मेडिकल जांच की मांग
टेन न्यूज़ ii 06 मई 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज
जनपद कन्नौज से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता मधु, पुत्री लाखन सिंह, निवासी ग्राम चकतापुरवा, औरंगपुर साभी थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर ने जिलाधिकारी कन्नौज को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 27 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसने दावा किया कि उसके सिर में भी गंभीर चोट लगी, लेकिन पुलिस द्वारा मामले में निष्पक्ष मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि गंभीर चोटों को नजरअंदाज किए जाने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। इसी को लेकर उसने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर दोबारा निष्पक्ष मेडिकल परीक्षण कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पीड़िता ने प्रशासन से न्याय दिलाने की अपील करते हुए कहा कि उसे निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की उम्मीद है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
