मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, 7 गिरफ्तार; जल जीवन मिशन लूटकांड का खुलासा
टेन न्यूज़ ii 06 मई 2026 ii वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली, संवाददाता: रायबरेली जनपद में पुलिस ने जल जीवन मिशन के गोदाम में हुई लूट का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 3 बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार मुठभेड़ डीह थाना क्षेत्र और भदोखर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटे गए सामान में बड़ी मात्रा में पीतल की टोटियां बरामद की गई हैं।
बताया गया है कि एक दिन पूर्व बदमाशों ने जल जीवन मिशन के गोदाम से कीमती सामान लूट लिया था, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
