मीरानपुर कटरा में भीषण सड़क हादसा: टैंकर-ट्रैक्टर की टक्कर में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंटा, एक गंभीर घायल
टेन न्यूज़ ii 06 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर): लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हुसैनिया कलिनिया दरगाह के सामने ओवरब्रिज पर टैंकर और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बीच से दो हिस्सों में बंट गया।
हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रैक्टर परिचालक प्रेमचंद पुत्र ओमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी मीना और दोनों बच्चे सुखवीर व अनूप को मामूली चोटें आई हैं।
सूत्रों के अनुसार घायल प्रेमचंद भुसरीगंज नवादा के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा। गंभीर हालत में प्रेमचंद को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
