• Thu. May 7th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में 7 साल के मासूम को दुकानदार ने मारी एयर गन की गोली, बिस्किट खरीदने गया था बच्चा

ByTen News One Desk

May 7, 2026
6 Views

तिलहर में 7 साल के मासूम को दुकानदार ने मारी एयर गन की गोली, बिस्किट खरीदने गया था बच्चा


टेन न्यूज़ ii 07 मई 2026 ii अमुक सक्सेना,
तिलहर/शाहजहांपुर । थाना क्षेत्र के कपसेड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बिस्किट खरीदने गए 7 वर्षीय बच्चे को दुकानदार ने एयर गन (चिड़िया मारने वाली बंदूक) से गोली मार दी। गोली का छर्रा बच्चे के बाएं कान के नीचे जा लगा, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घायल बच्चे को तत्काल निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कार्तिक शर्मा उर्फ कान्हा शर्मा अपने मामा रामू शर्मा के घर रहकर पढ़ाई करता है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वह गांव की किराना दुकान पर बिस्किट खरीदने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में दुकानदार ने एयर गन से फायर कर दिया, जिसका छर्रा सीधे बच्चे को जा लगा।

घटना के समय बच्चे के मामा रामू शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। बच्चे के घायल होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे वरुण अर्जुन मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।

मामा रामू शर्मा ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ थाने में तहरीर देकर जान से मारने की नियत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना को लेकर सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि बच्चे को एयर गन से निकले छर्रे से चोट लगी है। उसका इलाज चल रहा है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है, जिसकी जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!