पीलीभीत में डीएम का औचक निरीक्षण, मंदिर परिसर से लेकर स्कूल और ग्राम सचिवालय तक दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज ii 07 मई 2026 ii जिला ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना, पीलीभीत
ज्ञानेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत चक्रतीर्थ कल्याणपुर का निरीक्षण कर मंदिर परिसर, उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं ग्राम सचिवालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए भूमि का चिन्हांकन कर पिलर लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर को और अधिक सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने, परिसर को समतल कराने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में रखा निजी सामान जैसे हैरो और डनलप देखकर नाराजगी जताई और उसे तत्काल हटवाने को कहा।
इसके उपरांत डीएम ने ग्राम सचिवालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था देखी तथा भवन के कमरों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सहायक की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने पंचायत सचिवालय के निकट स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश भी उप जिलाधिकारी अमरिया को दिए, ताकि क्षेत्र की सुंदरता और ग्रामीण सुविधाओं में सुधार हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बीसलपुर, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
