तेज आंधी बनी काल, बिजली का खंभा गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

टेन न्यूज़ !! १४ मई २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर। बुधवार दोपहर आई तेज आंधी एक युवक के लिए काल साबित हुई। ग्राम भीकमपुर के पास सड़क किनारे लगा जर्जर बिजली का खंभा अचानक टूटकर बाइक सवार युवक पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम कोठा खेतल निवासी आदेश पुत्र महेन्द्र सिंह (20 वर्ष) बुधवार करीब 12 बजे बाइक से बरेली जनपद के कस्बा फतेहगंज पूर्वी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम भीकमपुर के पास तेज आंधी के चलते सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक टूटकर उसकी बाइक पर आ गिरा। हादसा इतना भीषण था कि आदेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बिजली का खंभा लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते खंभे की मरम्मत या बदलाव कराया गया होता तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
