उद्योगों की सुरक्षा और सुचारु संचालन को लेकर डीएम ने की बैठक, अवैध वसूली व गुंडागर्दी पर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में चीनी मिलों एवं औद्योगिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ सीएसआर फंड एवं अन्य समस्याओं के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा औद्योगिक गतिविधियों के सुचारु संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद चीनी मिलों एवं औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से लॉ एंड ऑर्डर, गुंडागर्दी, अवैध वसूली एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि उद्योग बेहतर ढंग से संचालित हों और उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यदि किसी व्यक्ति द्वारा धमकी, अवैध वसूली या किसी भी प्रकार से परेशान किया जाता है तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें, संबंधित के विरुद्ध तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों एवं संस्थानों के पदाधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों के साथ संपर्क में रहकर समन्वय बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों के महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट पर्वेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
