गैस न मिलने से उपभोक्ताओं का हंगामा, सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझाकर जाम को खुलवाया
टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।* बेला थाना क्षेत्र के ग्राम याकूबपुर में बुधवार को इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर गैस वितरण में देरी से नाराज सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। समय से सिलेंडर न मिलने और गोदाम में ताला लगा होने से परेशान लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
बुधवार सुबह सैकड़ों की तादाद में उपभोक्ता याकूबपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे। लेकिन गोदाम पर ताला लगा मिला। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया और रोड जाम करने का प्रयास किया।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें गैस बुकिंग के बाद उनसे DAC नंबर लिया गया और पूरा रुपया जमा करा लिया जाता है।और 2 से 4 दिन में सिलेंडर देने का वादा किया जाता है, इसके बाद मोबाइल में डिलीवर्ड का SMS भी आ जाता है। लेकिन 10 से 20 दिन बीतने पर भी गैस नहीं मिल रही। रोज एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे काम-धंधा प्रभावित हो रहा है।
वहीं समस्या को लेकर उपभोक्ताओं का कहना है कि हम लोग रोज सुबह से लाइन में लगते हैं। हर बार कल- परसों का बहाना बनाकर टहला दिया जाता है। आए दिन गोदाम में ताला लगा रहता है।
घर में चूल्हा नहीं जल रहा है बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।हंगामे और जाम की सूचना पर बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा- बुझाकर जाम खुलवाया और उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस ने एजेंसी संचालक से बात कर जल्द गैस वितरण का आश्वासन दिलाया।
इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक ने बताया गैस की खेप (गाड़ी) समयानुसार नहीं आ पाने के कारण,ग्राहकों को गैस सप्लाई में दिक्कत आ रही है, बुधवार को गोदाम में 25 सिलेंडर भरे हुए थे, जिसमें से 19 सिलेंडर पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को वितरण किए गए है। वहीं 6 सिलेंडर आपातकालीन स्थित में स्टॉक के लिए छोड़ दिए गए है।
गुरुवार को सिलेंडर की खेप आने पर सिलेंडर वितरण किए जाएगे। उपभोक्ताओं के विरोध को लेकर थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया,हंगामे के बाद गैस एजेंसी संचालक के द्वारा 19 सिलेंडरों को उपभोक्ताओं में वितरण किया गया है, बाकी उपभोक्ताओं की शिकायत पर एजेंसी को समय से गैस वितरण के निर्देश दिए गए हैं।
गैस वितरण को लेकर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर 2 दिन में उनको समय से गैस वितरण न की गई तो उच्चाधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराएगे।
