अंबेडकर विद्यालय में कबीर भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण का हुआ आयोजन
टेन न्यूज़ ii 18 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के कस्बा बाबरपुर स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से संचालित अंबेडकर विद्यालय में रविवार को कबीर भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब की भव्य प्रतिमा स्थापना की रूपरेखा तैयार करने को लेकर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रस्तावित विशाल एवं भव्य प्रतिमा की झलक पाने को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं भरथना विधानसभा से वर्ष 2022 के भाजपा प्रत्याशी डॉ. सिद्धार्थ शंकर रहे। उन्होंने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान एवं उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. सिद्धार्थ शंकर, नगर अटसू निवासी स्वर्गीय गौरी शंकर के पुत्र हैं। स्वर्गीय गौरी शंकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके थे तथा अजीतमल विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक चुने गए थे।
कार्यक्रम में प्रधान, बीडीसी सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन, सभासद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व प्रधान एवं पूर्व सभासद सहित अनुसूचित समाज के लोग, प्रतिष्ठित नागरिक, शुभचिंतक एवं सहयोगी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी श्रीमती संघमित्रा शंकर द्वारा किया गया। आयोजन विद्यालय संचालित करने वाली संस्था से जुड़े लोगों एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।
