लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में औरैया में हड़ताल, वकीलों ने किया प्रदर्शन
लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने जमकर की नारेबाजी
टेन न्यूज ii 19 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। राजधानी लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को औरैया जिला न्यायालय में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करते हुए हड़ताल की। इस दौरान बड़ी संख्या में वकील न्यायालय परिसर में धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बताया गया कि लखनऊ में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नगर निगम द्वारा सड़क किनारे बने अधिवक्ताओं के चैंबरों को अतिक्रमण बताते हुए जेसीबी से हटाया जा रहा था। इस कार्रवाई का विरोध कर रहे अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिवक्ता घायल हो गए। घटना के बाद लखनऊ बार एसोसिएशन ने प्रदेशभर के अधिवक्ताओं से समर्थन की अपील की थी।
इसी क्रम में औरैया के अधिवक्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए न्यायिक कार्यों से खुद को अलग रखा। अधिवक्ताओं ने मांग की कि दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए कहा कि अपनी बात रखने पर लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
हड़ताल के चलते जिला जजी में कई मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हुई और न्यायिक कार्य आंशिक रूप से ठप रहा। पूरे दिन न्यायालय परिसर में विरोध प्रदर्शन को लेकर गहमागहमी का माहौल बना रहा।
धरना प्रदर्शन में इंद्रपाल सिंह भदौरिया, अजय पाल सिंह, शिवम शर्मा, अभिषेक शुक्ला, कुलदीप दुबे, अतेंद्र पांडे, सुनील दुबे, संजीव चतुर्वेदी, धीरेंद्र शुक्ला, अनुराग त्रिपाठी, मंजुल मिश्रा, विकास त्रिपाठी, अनूप श्रीवास्तव, अमित तिवारी, आलोक अवस्थी, दिनेश चौहान, विवेक मिश्रा, आशीष दीक्षित, रजत दुबे, पंकज त्रिपाठी, राहुल अवस्थी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
