- मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सशक्तिकरण को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

टेन न्यूज़ ii 19 मई 20 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत जनपद कन्नौज में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में 18 मई 2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा व्यापक स्तर पर जनचौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर ग्राम, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को सचेत किया और सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग ने महिलाओं से जागरूक रहकर अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
