जनपद कन्नौज से इस वक्त की बड़ी खबर, गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप

टेन न्यूज़ !! २० मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक 27 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में एक फौजी के मकान में किराए पर रह रही 27 वर्षीय शोभा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शोभा की शादी 20 मई 2023 को कानपुर के चौबेपुर निवासी शिवेंद्र के साथ हुई थी, जो शराब के ठेके पर काम करता है। परिजनों का आरोप है कि शिवेंद्र शराब का आदी था और आए दिन शोभा के साथ मारपीट करता था। इस विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि घटना की रात कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। इस पर मकान मालिक ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी मौजूदगी में पति ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर शोभा बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसे तुरंत सौसैया अस्पताल, छिबरामऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि शोभा की हत्या की गई है और आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाइट – पीड़ित पक्ष
“हमारी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की जाती थी। हमें न्याय चाहिए और आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
