• Mon. May 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

11 हजार वोल्ट लाइन में करंट लगने से लाइनमैन की दर्दनाक मौत, तीन घंटे सड़क जाम

ByTen News One Desk

May 25, 2026
1 Views

11 हजार वोल्ट लाइन में करंट लगने से लाइनमैन की दर्दनाक मौत, तीन घंटे सड़क जाम


टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! प्रभाष चंद्र ब्यूरो, लोकेशन: कन्नौज, उत्तर प्रदेश 

कन्नौज। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। लाइन ठीक करने के दौरान अचानक करंट चालू हो जाने से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में चिपककर एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

हादसा गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस गेट के पास हुआ। मृतक लाइनमैन की पहचान सरजू उर्फ शिवसागर निवासी गुरसहायगंज के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लाइन पर कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं, कन्नौज-छिबरामऊ क्षेत्र की भाजपा विधायक अर्चना पांडे भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा और मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

विधायक के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!