शाहजहांपुर पहुंचे अभिनेता राजपाल यादव, बच्चों और संवासिनियों को दिया सकारात्मक जीवन का संदेश![]()
टेन न्यूज़ ii 26 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। फ़िल्म जगत के प्रख्यात अभिनेता Rajpal Yadav ने मंगलवार को मोहल्ला बिजलीपुर स्थित गुरुकुल सेवा ट्रस्ट, राजकीय बाल गृह (बालक), शिशु गृह तथा सखी वन स्टॉप सेंटर का दौरा कर छात्र-छात्राओं, बच्चों और संवासिनियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल सेवा ट्रस्ट में अभिनेता राजपाल यादव का ट्रस्ट संचालक कुमार सागर एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा और सेवा भाव जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और शिक्षा के माध्यम से समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस दौरान एक भावुक प्रसंग का भी जिक्र हुआ, जब संस्था के छात्र-छात्राओं द्वारा अभिनेता के कठिन समय में अपनी पॉकेट मनी गुल्लक में जमा कर उनके बांदा स्थित आवास पर आर्थिक सहयोग भेजा गया था। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी के आग्रह पर राजपाल यादव ने सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर संवासिनियों से मुलाकात की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “जो बीत गया वह कल था और हर व्यक्ति को अपने नए जीवन की शुरुआत सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ करनी चाहिए।”
इसके उपरांत अभिनेता ने राजकीय बाल गृह (बालक) और शिशु गृह के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें शिक्षा ग्रहण करने, खुश रहने और जीवन में सकारात्मक प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म Bhool Bhulaiyaa का लोकप्रिय संवाद सुनाकर बच्चों का मनोरंजन भी किया, जिससे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी इशिका, महिला थाना प्रभारी रश्मि तथा राजकीय बाल गृह एवं शिशु गृह का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।