फर्रुखाबाद में भाजपा नेता की PM मोदी से बड़ी अपील, 6 महीने टोल टैक्स फ्री करने की मांग![]()
टेन न्यूज़ ii 26 मई 2026 ii तौफ़ीक़ फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच भाजपा नेता विकास राजपूत ने प्रधानमंत्री से आम जनता को राहत देने के लिए अहम मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के कारण ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
भाजपा नेता विकास Rajput ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि देशभर में NHAI के अंतर्गत आने वाले टोल प्लाजा पर कम से कम 6 महीने तक टोल टैक्स फ्री किया जाए। उनका कहना है कि इससे परिवहन लागत कम होगी और महंगाई पर नियंत्रण लगाने में मदद मिल सकती है।
विकास राजपूत ने कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को तुरंत नियंत्रित नहीं कर सकती, लेकिन टोल टैक्स में राहत देकर आम जनता को सीधा लाभ पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट खर्च घटने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कृषि कार्यों के लिए डीजल पर अस्थायी सब्सिडी देने की मांग की। उनका कहना है कि खेती और सिंचाई में डीजल की अधिक खपत होती है, ऐसे में राहत मिलने से किसानों की लागत कम होगी।
इसके अलावा विकास राजपूत ने घरेलू गैस सिलेंडर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को अतिरिक्त ₹200 से ₹300 तक की सब्सिडी देने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार यदि टोल टैक्स, डीजल और गैस सिलेंडर पर राहत देती है, तो महंगाई से जूझ रही जनता को बड़ी राहत मिल सकती है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा जनहित और विकास के लिए काम करती रही है तथा आगे भी जनता के हित में बड़े फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है।