• Fri. Jun 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

हरे नीम के पेड़ कटवाने पर ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने 12 कुंतल लकड़ी बरामद की, आरोपी मौके से फरार

ByTen News One Desk

Jun 5, 2026
7 Views

हरे नीम के पेड़ कटवाने पर ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने 12 कुंतल लकड़ी बरामद की, आरोपी मौके से फरार


Ten News!! 05 june 2026 !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया

अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वारी में अवैध रूप से हरे नीम के पेड़ कटवाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 12 कुंतल लकड़ी बरामद की है। मामले में एक ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, एक जून को उपनिरीक्षक रामनरायण सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार तथा कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निकट तुर्कपुर अंडरपास के पास उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ग्वारी में गांव के किनारे खड़े हरे नीम के पेड़ों को अवैध रूप से कटवाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्राम ग्वारी स्थित शंकरजी मंदिर के समीप मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर लकड़ी कटवा रहा व्यक्ति झाड़ियों का सहारा लेकर फरार हो गया। बाद में उसकी पहचान नगला भजू निवासी ठेकेदार रवि के रूप में की गई।

पुलिस ने मौके पर मौजूद कटी हुई लकड़ी की नाप-जोख कराई, जिसका वजन लगभग 12 कुंतल पाया गया। बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों की सहायता से एक निजी वाहन के माध्यम से थाने पहुंचाया गया।

थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र ने बताया कि आरोपी ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

— रामजी पोरवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!