डीएम की अध्यक्षता में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
Ten News!! 05 June 2026!! desk news शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 एवं 10 जून 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा नियमित रूप से स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एआरएम रोडवेज को पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने तथा एआरटीओ को ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूली रोकने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी करने तथा ओवररेटिंग पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया। इसके अतिरिक्त रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बरेली मोड़ पर हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा हथौड़ा चौराहे पर कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
जनपद पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
जनपद में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग, इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक कांट रोड, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, श्री हरकुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज (ब्लॉक-ए एवं बी), जी.एफ. कॉलेज (ब्लॉक-1 एवं 2) तथा स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, देवेंद्र कुमार, रजनीकांत पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।