रामचंद्रपुर में बिजली की चपेट में आया राजकीय पक्षी सारस, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बचाई जान![]()
टेन न्यूज़ ii 17 जून 2026 ii वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली के ग्राम रामचंद्रपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी सारस हाईवोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने से सारस तड़पता हुआ जमीन पर गिर पड़ा। पक्षी को संकट में देख ग्रामीणों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचाने का प्रयास शुरू कर दिया।
सारस को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. विकास मौर्य, गेंदालाल मौर्य, सुमित मौर्य, भूटानी यादव, दिनेश पासवान तथा कांग्रेस के युवा नेता अजय मौर्य, राघवेंद्र मौर्य और पारुल मौर्य समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर घायल पक्षी को सुरक्षित पकड़ा और तत्काल वन विभाग तथा पशु चिकित्सकों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग और चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से घायल सारस को उपचार के लिए चिकित्सकों के हवाले किया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक एवं गहन उपचार के बाद बताया कि समय पर इलाज मिलने से सारस की स्थिति अब नियंत्रण में है। उपचार पूरा होने के बाद पक्षी को सुरक्षित रूप से वन विभाग की निगरानी में सौंप दिया गया।
सारस की जान बचाने में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो चीफ वसीम खान की रिपोर्ट।