केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत तीन दिवसीय विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

टेन न्यूज़ !! १७ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों को पेंसिल, पेन, कॉपी, कटर सहित शिक्षण सामग्री किट वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर अध्ययन करने का संदेश दिया।
प्रदर्शनी में भूमि संरक्षण विभाग, कृषि विभाग, पर्यटन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का प्रदर्शन किया गया।
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सभी विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सुशासन, सेवा, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा उत्थान तथा समावेशी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए बैनर, होर्डिंग, चौपाल, जनसंवाद कार्यक्रम एवं डिजिटल माध्यमों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि कोल्ड स्टोरेज एवं किसानों की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाए जाएं, ताकि किसानों को कृषि, फसल सुरक्षा, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
पूर्व सांसद ने कहा कि सूचना विभाग द्वारा प्रदर्शित स्टैंडी एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से सरकार के 12 वर्षों के कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा प्रत्येक नागरिक को शासन की योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, सुशासन और सेवा भाव के साथ सरकार निरंतर गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।