• Sun. Aug 9th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं रोजगार-श्रम विभाग की समीक्षा बैठक

ByTen News One Desk

Jun 17, 2026
31 Views

जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं रोजगार-श्रम विभाग की समीक्षा बैठक


मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ !! १७ जून २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो

औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, उद्योग, रोजगार एवं श्रम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक आवेदन पत्र संबंधित बैंकों को प्रेषित किए जाएं, जिससे निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बैंकवार एक माह से अधिक समय से लंबित आवेदनों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान निरस्त किए गए आवेदनों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की जाए, जो आवेदनों की पुनः समीक्षा कर निरस्तीकरण एवं स्वीकृति संबंधी जांच आख्या प्रस्तुत करे।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी मित्रों को निर्देशित किया कि वे पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया से लेकर ऋण वितरण तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान करें तथा आने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएं। साथ ही ऋण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों का सत्यापन कर यह भी जानकारी एकत्रित की जाए कि योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में क्या सकारात्मक परिवर्तन आए हैं।

उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि आईटीआई, पॉलीटेक्निक जैसे तकनीकी संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं को योजना की जानकारी दी जाए तथा वहीं आवेदन भी कराए जाएं। इसके अलावा तहसील एवं विकासखंड स्तर पर भी जागरूकता शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने फ्लैक्सी, पंपलेट एवं अन्य माध्यमों से योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करें और लक्ष्य के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

जिला स्तरीय उद्योग बंधु की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने यूपीसीडा अधिकारियों को प्लास्टिक सिटी दिबियापुर में आंतरिक सड़कों के निर्माण, जल निकासी एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लास्टिक सिटी के आवंटियों को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए यूपीसीडा के स्थानीय कार्यालय में अधिकारियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।

जीबीसी-5 की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उद्यमी मित्रों से संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक एमओयू कराए जाएं, जिससे निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।

बैठक में उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी बैंक महाप्रबंधक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रीमा सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईएस सहित उद्योग बंधु एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!