• Wed. Jun 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मोहर्रम सहित आगामी पर्वों को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने के निर्देश

ByTen News One Desk

Jun 17, 2026
1 Views

मोहर्रम सहित आगामी पर्वों को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने के निर्देश


जिला शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं पर विशेष जोर


टेन न्यूज़ !! १७ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समुदायों के आयोजकों एवं अधिकारियों के साथ आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक त्योहार संवाद, समन्वय और सामाजिक एकता का प्रतीक होता है। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि कन्नौज की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।

मोहर्रम को देखते हुए जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर छुट्टा गोवंश को गो-आश्रय स्थलों में सुरक्षित रखा जाए। साथ ही पशुपालकों को जागरूक किया जाए कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें, जिससे यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एम्बुलेंस सेवाओं की अग्रिम कार्ययोजना तैयार कर सभी एम्बुलेंस को अलर्ट मोड में रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों की मरम्मत कराने तथा जुलूस मार्गों पर लटक रही केबिलों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थलों पर विभागीय टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

नगर निकायों एवं पंचायती राज विभाग को जुलूस मार्गों, इमामबाड़ों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, फॉगिंग, पेयजल व्यवस्था और खराब वाटर कूलरों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुलूस मार्गों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाने के लिए कहा गया। उन्होंने 20 जून को आयोजित होने वाले स्वच्छता दिवस को जन-अभियान के रूप में मनाने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अफवाह, भड़काऊ संदेश या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा नीट परीक्षा का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से रोडवेज बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि मोहर्रम जुलूसों एवं अन्य आयोजनों के दौरान बजाए जाने वाले गीतों की प्रकृति और ध्वनि स्तर की पूर्व जानकारी आयोजकों एवं थाना प्रभारियों द्वारा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अश्लील, भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गीतों का प्रसारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने सभी आयोजकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, उपजिलाधिकारी तिर्वा वैशाली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!