अवैध संबंधों के चलते मौसेरे भाई ने की रामसजीवन की हत्या, आरोपी गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज़ ii 18 जून 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो
लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र में 15 जून को हुई अधेड़ रामसजीवन की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पारिवारिक अवैध संबंध और आपसी विवाद मुख्य वजह रहे। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक रामसजीवन गांव में बनी पानी की टंकी की रखवाली करता था और वहीं गार्ड के रूप में तैनात था। घटना वाली रात वह पानी की टंकी के पास सो रहा था, तभी घात लगाए बैठे हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मामले का खुलासा करते हुए सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मृतक के मौसेरे भाई राजकिशोर के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे। रामसजीवन को इसकी जानकारी हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच कई बार विवाद और मारपीट भी हुई थी।
इसी रंजिश के चलते आरोपी राजकिशोर ने रामसजीवन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।