दादी की गोद से गिरने पर तीन माह के मासूम की मौत, जमीन विवाद में मारपीट का आरोप

टेन न्यूज़ !! १९ जून २०२६ !! राकेश कुमार
बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम हरेली अलीपुर में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान दादी की गोद से गिरने पर तीन माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार गांव निवासी मौजी लाल और उनके भाई रामकिशन का अपने चाचा वीरपाल से जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार रात करीब नौ बजे वीरपाल नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आया। विरोध करने पर उसने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर रामकिशन की मां विमला देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। उनकी गोद में तीन माह का मासूम रामलड़ैते भी था। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें जोर से धक्का दिया गया, जिससे मासूम उनकी गोद से छिटककर जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहगंज पूर्वी के इंस्पेक्टर राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने पिता-पुत्र सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी वीरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर फरीदपुर क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।