अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुआ भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया योगाभ्यास

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! रिपोर्ट: रुपेश शर्मा, ब्यूरो , लोकेशन: अलवर, राजस्थान
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अलवर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तथा मंत्री संजय शर्मा ने सहभागिता करते हुए हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को भी सुना। प्रधानमंत्री ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय शर्मा ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
योग शिविर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और आमजन मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
टेन न्यूज़ के लिए अलवर, राजस्थान से ब्यूरो चीफ रुपेश शर्मा की रिपोर्ट।