छिबरामऊ में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 119 शिकायतें दर्ज, 19 का मौके पर निस्तारण

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह, लोकेशन: छिबरामऊ, कन्नौज
कन्नौज जनपद की छिबरामऊ तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनता की शिकायतों को सीधे सुना और उनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
समाधान दिवस में कुल 119 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 91 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 51, विकास विभाग की 14, विद्युत विभाग की 5, नगर पालिका/ईओ छिबरामऊ की 7, चकबंदी विभाग की 7, आपूर्ति विभाग की 11 तथा अन्य विभागों से संबंधित 13 शिकायतें प्राप्त हुईं।
अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग से संबंधित 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध न्याय मिले।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तिर्वा पवन कुमार, क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ सुरेश कुमार, तहसीलदार अभिनव वर्मा, नायब तहसीलदार राम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।