• Tue. Jul 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मजदूर की मेहनत की कमाई पर ठेकेदार का कब्जा, न्याय के लिए अधिकारियों की चौखट पर पहुंचा परिवार

ByTen News One Desk

Jun 21, 2026
30 Views

मजदूर की मेहनत की कमाई पर ठेकेदार का कब्जा, न्याय के लिए अधिकारियों की चौखट पर पहुंचा परिवार


टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह, लोकेशन: छिबरामऊ, कन्नौज

कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र से मजदूरों के शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मजदूर को अपनी मेहनत की मजदूरी पाने के लिए करीब सवा साल से अधिकारियों और थानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। आरोप है कि काम पूरा कराने के बाद भी ठेकेदार मजदूरी का भुगतान नहीं कर रहा है।

मामला छिबरामऊ तहसील की काशीराम कॉलोनी का है। यहां की निवासी लक्ष्मी देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार उनके पति दाताराम ने ठेकेदार धर्मपाल के साथ ग्राम खड़नी स्थित एक धान मिल में लगभग तीन महीने तक पत्थर घिसाई का कार्य किया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी का भुगतान करने के बजाय ठेकेदार टालमटोल करने लगा।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि कई बार मजदूरी मांगने के बावजूद ठेकेदार ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई। शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार को कोतवाली बुलाया, जहां उसने मजदूरी का भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया।

लक्ष्मी देवी का कहना है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है और मजदूरी की रकम न मिलने से घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके पति की मेहनत की कमाई जल्द से जल्द दिलाई जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

अब यह मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच गया है। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय दिलाएगा और मजदूरों के अधिकारों का हनन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा।

टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!