शाहजहांपुर : पूछताछ के लिए बुलाए गए दुष्कर्म के आरोपी की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल ले जाते समय मौत![]()
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। जनपद के थाना सिंधौली क्षेत्र में दुष्कर्म के एक मामले की जांच के दौरान पूछताछ के लिए बुलाए गए आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि थाना सिंधौली क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग ने अपने पति के साथ रविवार शाम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसका सौतेला पिता प्रदीप (36) पिछले तीन वर्षों से उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि अप्रैल 2026 में उसकी शादी ददरौल क्षेत्र के दागरोची गांव में होने के बाद भी आरोपी उसे ससुराल में रहने नहीं दे रहा था। शिकायत के अनुसार जब वह विरोध करती थी तो आरोपी उसे जान से मारने तथा उसके पति को पूरी बात बताने की धमकी देता था।
पुलिस ने बताया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्र की जांच के क्रम में आरोपी प्रदीप को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत खराब होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधौली ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि मामले में सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर से ब्यूरो रिपोर्ट।