शाहजहांपुर : राजश्री केमिकल फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने फैक्ट्री में काटा हंगामा, पुलिस ने कराया शांत![]()
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii पप्पू अंसारी, कटरा /शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जनपद के थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्रगत नेशनल रोड स्थित राजश्री केमिकल (इथेनॉल) फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार (28) की संदिग्ध सर्पदंश से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के मुताबिक मृतक राजीव कुमार ग्राम हरेली अलीपुर के निवासी थे और रविवार शाम अपनी ड्यूटी पर गए थे। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान सांप के काटने से उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिवार को समय पर सूचना नहीं दी गई। परिजन जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा पहुंचे, तब तक चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
घटना से आक्रोशित परिजन शव को फैक्ट्री परिसर में ले आए और आर्थिक सहायता व उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी देर तक फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी तिलहर , थाना प्रभारी कटरा एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर भेज दिया। क्षेत्राधिकारी तिलहर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर से पप्पू अंसारी की रिपोर्ट।