खेत से अवैध मिट्टी खनन का आरोप, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

टेन न्यूज़ !! ०७ जुलाई २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो, औरैया, उत्तर प्रदेश।
औरैया जनपद के थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम पसईपुर केशमपुर निवासी प्रताप सिंह एवं कृपाल सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर खेत से तय सीमा से अधिक मिट्टी खोदने, भुगतान न करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, प्रताप सिंह ने बताया कि 19 जून 2025 को गाटा संख्या 69 से ईंट भट्ठे के लिए लगभग तीन फुट गहराई तक मिट्टी उठाने का स्टांप एग्रीमेंट बुद्धिमान कुशवाहा पुत्र लालजीत निवासी थाना सहायल तथा गोविंद और राम प्रबल, निवासी ग्राम पसईपुर केशमपुर, थाना फफूंद के साथ किया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि समझौते की शर्तों के विपरीत संबंधित लोगों ने कथित रूप से अधिकारियों की मिलीभगत से दो से तीन मीटर तक मिट्टी की खुदाई कर दी, जिससे खेत तालाब जैसा बन गया और खेती योग्य नहीं रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तय राशि का पूरा भुगतान नहीं किया गया। जब शेष पैसे की मांग की गई तो आरोपितों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, बकाया भुगतान दिलाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।