हरिजन बस्ती के रास्ते पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

टेन न्यूज़ !! १८ अगस्त २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। तहसील तिर्वा क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर के मौजा स्थित हरिजन बस्ती के ग्रामीणों ने आवागमन के रास्ते की समस्या को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती के लिए पहले से मौजूद पुराने कच्चे रास्ते पर कुछ लोगों ने कथित रूप से कब्जा कर लिया है। रास्ता बंद होने से बस्ती के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर योगी सेना के जिला अध्यक्ष पवन पांडे ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों ने मांग की कि मौके की जांच कराकर पुराने रास्ते को कब्जामुक्त कराया जाए और हरिजन बस्ती के लोगों के आवागमन के लिए रास्ता खुलवाया जाए।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।