• Sat. Sep 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की सीडीओ ने की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन के दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Sep 12, 2026
7 Views

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की सीडीओ ने की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन के दिए निर्देश


टेन न्यूज ।। 12 सितंबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियां पूरी करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। अभियान के दौरान सफलता की कहानियां, डिजिटल फिल्म व रील, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, स्वास्थ्य मेले, पौधरोपण, स्वच्छता कार्यक्रम और सुशासन संवाद आयोजित किए जाएंगे।

सीडीओ ने विकास खंड स्तर पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और शत-प्रतिशत संतृप्ति के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों, लाभार्थियों एवं आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!