शाहजहांपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में बंदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी![]()
टेन न्यूज़ ।। 12 सितंबर 2026 ।। डीपी सिंह @डेस्क न्यूज
शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय परिसर, शाहजहाँपुर में जिला कारागार द्वारा बंदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-विक्रय स्टॉल लगाया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य बंदियों के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक पुनर्वास को प्रोत्साहित करना रहा।![]()
स्टॉल का उद्घाटन जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाहजहाँपुर धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने फीता खोलकर किया। प्रदर्शनी में जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स, बैग, गमले तथा अन्य हस्तनिर्मित उपयोगी वस्तुएँ प्रदर्शित की गईं।
प्रदर्शनी में उपस्थित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, अधिकारीगण और आमजन ने उत्पादों का अवलोकन किया तथा बंदियों की कलात्मक प्रतिभा और कार्यकुशलता की सराहना की। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बंदियों को कौशल विकास से जोड़ना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों एवं अन्य अतिथियों ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। साथ ही, कारागार प्रशासन द्वारा सुधार एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, कारागार अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से बंदियों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करने का संदेश दिया गया।