राष्ट्रीय लोक अदालत में निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित![]()
टेन न्यूज।। 12 सितंबर 2026 ।। डीपी सिंह @डेस्क न्यूज
शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के निर्देशानुसार एवं जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, शाहजहाँपुर के मार्गदर्शन में 12 सितंबर को कचहरी परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोक अदालत में आए वादकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में डॉ. मनवेन्द्र सिंह, डॉ. उत्तम कुमार कौशिक एवं डॉ. देविका चतुर्वेदी ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श दिया। इस दौरान सामान्य रोगों की जांच, रक्तचाप एवं शुगर परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।![]()
मौसमी बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, गैस-अपच एवं चर्म रोगों से संबंधित मरीजों को निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही, लोगों को दिनचर्या, ऋतुचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में फार्मासिस्ट किशन कुमार गौंड, वार्ड बॉय मोहम्मद आजम खान एवं रमाकांत ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।