अजीतमल में चोरों का आतंक, एक ही गांव में चार घरों में लाखों की चोरी![]()
छत का जाल खोलकर घर में घुसे चोर, जेवरात और नकदी सहित एटीएम व आधार कार्ड भी ले गए
टेन न्यूज ।। 12 सितंबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिरहूनी के मजरा नंदलाल का पुरवा में बीती रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। चोरों ने एक ही गांव में चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गांव निवासी लाखन पुत्र बल्दू प्रसाद के घर को निशाना बनाया। बताया गया कि चोर छत का जाल खोलकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे पायल, झुमकी, टॉप्स, फूल, करधनी और महंगी साड़ियां चोरी कर लीं। परिजनों के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत काफी अधिक है।
इसके बाद चोरों ने रविंद्र पुत्र बालकराम के घर में धावा बोला। यहां अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। तीसरी घटना फूल सिंह पुत्र शिव दयाल के घर हुई, जहां से चोर मंगलसूत्र, माला और 25 हजार रुपये की नकदी ले गए।
चोरों ने चौथी वारदात प्रसाद पुत्र रामबक्स के घर में की। यहां से 12 हजार रुपये नकद के अलावा एटीएम कार्ड और आधार कार्ड भी चोरी कर लिए गए। एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली और चोरी की घटनाओं की जांच शुरू की।
चारों पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने तथा आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लगातार चार घरों में हुई चोरी से ग्रामीणों में पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही चोरी गए सामान और घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।