दिबियापुर बस स्टेशन का आरएम ने किया औचक निरीक्षण

साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा, छोटी बसें चलाने की योजना
टेन न्यूज़ !! १८ सितम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। । उत्तर प्रदेश परिवहन निगम इटावा परिक्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बुधवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्त) अपर्णा मीनाक्षी के साथ दिबियापुर बस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हलचल रही। करीब आधे घंटे तक उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आरएम ने परिसर की साफ-सफाई, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और टिकट काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित सफाई बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि स्टेशन तक जाने वाली सड़क संकरी होने के कारण बड़ी बसों के संचालन में परेशानी आती है। वर्तमान में अधिकांश बसें फफूंद चौराहे से संचालित होती हैं। इस पर एआरएम वित्त ने बताया कि दिबियापुर स्टेशन से छोटी बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है। मंजूरी मिलने के बाद जल्द संचालन शुरू किया जाएगा।
आरएम कपिल देव ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित परिवहन निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों को ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।