पढ़े बड़ी खबर..धमाके के साथ कैसे फटी टीवी की पिक्चर ट्यूब, लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख![]()
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, संकरी गली बनी चुनौती
टेन न्यूज ।। 01 अक्टूबर 2026 ।। रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल। थाना दिबियापुर कस्बे की दुर्गा टॉकीज गली में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों के बीच कमरे में रखी टीवी की पिक्चर ट्यूब तेज धमाके के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार विनोद पोरवाल के घर में अचानक आग लगने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके चलते लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनटीपीसी तथा गेल के दमकल कर्मियों को भी बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि गली संकरी होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को नियंत्रित किया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया।
आग के दौरान टीवी की पिक्चर ट्यूब तेज आवाज के साथ फटने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।