शादी समारोह में आतिशबाजी की चिंगारी से केमिकल भरे प्लॉट में लगी आग, बारातियों में मची भगदड़

ऊंची लपटें उठती देख मचा हड़कंप, पुलिस और दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर कस्बे के विद्यानगर मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से पास के एक प्लॉट में आग लग गई। प्लॉट में मौजूद केमिकल ने आग पकड़ ली, जिससे देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं। आग का विकराल रूप देखकर बारातियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अचानक हुई घटना से शादी की खुशियां कुछ देर के लिए दहशत में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार मलगवां मंदिर गांव निवासी सरनाम सिंह पाल की पुत्री आकांक्षा उर्फ प्रिया का विवाह इटावा के राहतपुरा स्थित शिवा कॉलोनी निवासी गौरव उर्फ निखिल के साथ तय हुआ था। बाबरपुर के विद्यानगर मोहल्ले स्थित साधना मैरिज होम में विवाह की रस्में चल रही थीं। बारात में बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर नाच-गाने के साथ आतिशबाजी की जा रही थी।
इसी दौरान आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी पास के प्लॉट में जा गिरी, जहां रखे केमिकल में आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख बाराती और समारोह में शामिल लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने लोगों को आग से दूर कराया, जबकि दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के चलते शादी समारोह में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।