खेत में ट्यूबवेल के पास मिला बुजुर्ग किसान का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

चेहरे का आधा हिस्सा गायब, खेत की जुताई कराने की बात कहकर घर से निकले थे किसान
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के मोतीपुर मोहल्ले के रहने वाले 69 वर्षीय किसान सुरेश कुशवाहा का शनिवार को खेत में ट्यूबवेल के पास क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के चेहरे का आधा हिस्सा भी क्षत-विक्षत था।
जानकारी के अनुसार सुरेश कुशवाहा खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह नगर के व्यापारी ऊधम चंद्र अग्रवाल की जमीन बटाई पर लेकर खेती करते थे। शुक्रवार शाम वह खेत की जुताई कराने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
शनिवार को उनके पुत्र छुन्ना और बंटी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे तो ट्यूबवेल के पास पिता का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उन्हें एंबुलेंस से चिचौली अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।