जनता दर्शन में दिव्यांगजनों को मिली सहारे की सवारी, चार लाभार्थियों को ट्राई साइकिल![]()
टेन न्यूज।। 01अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो रिपोर्ट
रामपुर। जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के लिए बुधवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने दिव्यांगजन एवं सशक्तीकरण विभाग की योजना के तहत चार पात्र दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की। ट्राई साइकिल मिलते ही लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
ट्राई साइकिल प्राप्त करने वालों में ज्वाला नगर निवासी शाहरून, नालापार निवासी बाबू खां, फरसिखान निवासी फरहान और स्वार निवासी मोहम्मद यासीन शामिल रहे। लाभार्थियों ने कहा कि ट्राई साइकिल मिलने से उनके आवागमन में काफी सहूलियत होगी और रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी।
इस दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा पाल को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। ट्राई साइकिल मिलने पर लाभार्थियों ने जिला प्रशासन और विभाग के प्रति आभार जताया।