सहवेगपुर सुरेंद्र हत्याकांड में रिमांड पर आरोपी, लाठी बरामद![]()
टेन न्यूज।। 02 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। सहवेगपुर गांव के चर्चित सुरेंद्र हत्याकांड में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेल में बंद वांछित आरोपी बीपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे दोबारा जिला कारागार भेज दिया।
जानकारी के अनुसार 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे कोतवाली क्षेत्र के सहवेगपुर गांव में कच्ची शराब की बिक्री का विरोध करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी सुरेंद्र को घर से बुलाकर लाठी-डंडों और बंका से हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने से सुरेंद्र की मौत हो गई थी। मामले में प्रधान पति सुरेंद्र वर्मा समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने 16 अगस्त को कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों गोविंद, सुखदेव और वासुदेव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद 26 अगस्त को वांछित आरोपी अमित और दिलीप को गिरफ्तार किया गया। वहीं 20 सितंबर को वांछित आरोपी बीपी पुत्र नंदराम ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
30 सितंबर को पुलिस ने हत्याकांड के दस हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी सुरेंद्र पुत्र ब्रह्मानंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस कस्टडी रिमांड के आदेश के अनुपालन में बीपी को जिला कारागार से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा बरामद किया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को मेडिकल परीक्षण कराकर पुनः जेल भेज दिया गया।