दिव्यांगजनों को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा, 10 मोटराइज्ड और 30 सामान्य ट्राई साइकिल वितरित![]()
टेन न्यूज ।। 03 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पात्र दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 मोटराइज्ड ट्राई साइकिल तथा 30 सामान्य ट्राई साइकिल वितरित की गईं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि दिव्यांगजन किसी पर निर्भर न रहें और उन्हें शिक्षा, रोजगार, आवागमन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं में समान अवसर मिल सकें।![]()
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पात्र लाभार्थियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
राज्य मंत्री ने लाभार्थियों से अपील की कि उपलब्ध कराए गए सहायक उपकरणों का सदुपयोग करते हुए अपने दैनिक जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।