छिबरामऊ पुलिस ने चार चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, दो गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज ।। 19 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। छिबरामऊ थाना पुलिस ने चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इन्वर्टर, ट्यूबवेल केबल, 5,100 रुपये नकद, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरी की घटनाओं में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर 2026 को चन्दरपुर तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर संदीप गिहार (27) और रजत उर्फ हरिया (23), निवासी ग्राम बहबलपुर, थाना छिबरामऊ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर नलकूप के ट्रांसफार्मर के पार्ट, ई-रिक्शा से मोबाइल व नकदी, घर से जेवरात व अन्य सामान तथा ट्यूबवेल केबल चोरी से जुड़े चार मामलों का खुलासा हुआ है। इन मामलों में संबंधित धाराओं के तहत पहले से मुकदमे दर्ज थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की और नेता उर्फ प्रेम निवासी बहबलपुर का नाम भी बताया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे, उपनिरीक्षक गजेन्द्र पाल सिंह तथा कांस्टेबल रंजीत, नरेंद्र सिंह, रुपेन्द्र सिंह चाहर और करन यादव शामिल रहे।