तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत, इकलौते बेटे को खोकर बिलख उठी मां![]()
टेन न्यूज ।। 19 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के रामपुर वैश्य गांव में रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 14 वर्षीय छात्र शरद की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में छात्र ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया। परिजन उसे इलाज के लिए इटावा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर वैश्य निवासी उजियारे लाल का पुत्र सौरभ बाइक चला रहा था। उसके साथ चाचा अशोक कुमार का 14 वर्षीय बेटा शरद भी बैठा था। दोनों रविवार को बाइक से अछल्दा की ओर जा रहे थे। गांव के मोड़ पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सौरभ दूर जा गिरा, जबकि शरद ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद शरद को पहिये के नीचे से निकाला। परिजन उसे निजी वाहन से इटावा उपचार के लिए ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
शरद अछल्दा कस्बे के मार्शल हेरोल्ड स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन डिंपल है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, मुन्नालाल, ब्रजकिशोर, रजनीश सिंह और विपिन पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।