यमुना नदी में रस्सी से बंधा मिला महिला का शव, छह दिन पुराना होने की आशंका![]()
टेन न्यूज ।। 19 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अयाना थाना क्षेत्र में जुहीखा पुल के पास शनिवार को यमुना नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। शव राना सिंह के खेत के सामने नदी में पड़ा था और रस्सी से बंधा हुआ था। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, लेकिन देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी। रस्सी से बंधा शव मिलने के कारण पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चौकीदार ने यमुना नदी में महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच की। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच है। शव लगभग छह दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। महिला ने हल्के लाल रंग का ब्लाउज और चुनरी पहन रखी थी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शव नदी के बहाव में बहकर यहां पहुंचा होगा। हालांकि, शव रस्सी से बंधा मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल महिला की मौत के कारणों और परिस्थितियों का खुलासा नहीं हो सका है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।