मिशन शक्ति की पहल: तिलहर में दो छात्राओं ने संभाली थाने की कमान![]()
वंशिका गुप्ता बनीं थाना प्रभारी, अर्चना ने संभाली महिला हेल्प डेस्क की जिम्मेदारी
टेन न्यूज ।। 20 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना, संवाददाता
तिलहर/शाहजहांपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिलहर पुलिस ने सराहनीय पहल की। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, तिलहर की कक्षा 12वीं की दो मेधावी छात्राओं वंशिका गुप्ता और अर्चना को एक दिन के लिए थाना प्रभारी एवं महिला हेल्प डेस्क प्रभारी की भूमिका सौंपी गई।
इस दौरान छात्राओं ने थाना प्रभारी के रूप में जनसुनवाई की और आमजन की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। इसके बाद उन्हें थाने के जीडी कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और बाल शिशु गृह का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों, पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें वीमेन पावर लाइन 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना है। शाहजहांपुर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।