तिलहर पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग किशोरी से जुड़े मामले में आरोपी गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज ।। 20 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना संवाददाता
तिलहर/शाहजहांपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलहर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में थाना तिलहर में शिकायत दर्ज कराई थी। इस आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 507/26 पंजीकृत कर अमित उर्फ अंकित समेत चार लोगों को नामजद किया गया था।
विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। साथ ही, पुलिस ने मामले में संबंधित धारा में संशोधन भी किया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तिलहर पुलिस टीम ने वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज के पास से वांछित आरोपी अमित उर्फ अंकित (23 वर्ष), निवासी ग्राम सहवेगपुर, थाना तिलहर, शाहजहांपुर को सुबह 11:10 बजे गिरफ्तार किया।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों के विरुद्ध विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल अतुल कुमार शामिल रहे।