निगोही पुलिस की मुठभेड़ में चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, एक घायल और दूसरा गिरफ्तार

टेन न्यूज़ !! २२ अक्टूबर २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
थाना निगोही पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय शाहजहांपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की सुबह धुल्लिया चेकपोस्ट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बिंदु पुत्र गोकरन, निवासी भड़ारी, थाना बीसलपुर, पीलीभीत घायल हो गया। वहीं, रोहित सरोज पुत्र राकेश सरोज, निवासी काच्छा सुकुलपुर, थाना जेठवारा, प्रतापगढ़ को सुबह 4:05 बजे नदी किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली 2 अक्टूबर की रात ग्राम गुरगांव स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी की गई थी। इस मामले में थाना निगोही में मुकदमा संख्या 451/2026, धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज है। पुलिस ने बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।