कटरा के ऐतिहासिक श्रीरामलीला मेले के राष्ट्रीय एकता विराट दंगल में तैय्यब पहलवान का जलवा, कई धुरंधरों को किया पराजित ![]()
टेन न्यूज ।। 26 अक्टूबर 2026 ।। पप्पू अंसारी संवाददाता
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । ऐतिहासिक श्रीरामलीला मेले में आयोजित राष्ट्रीय एकता विराट दंगल में स्थानीय पहलवान तैय्यब ने अपने दमदार दांव-पेचों से शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। मोहल्ला आतिशबाजन निवासी तैय्यब पहलवान, शमशाद पहलवान के पट्ठे हैं। उन्होंने दूर-दराज से आए कई धुरंधर पहलवानों को चित कर अपनी कुश्ती प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके मुकाबले देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया।
दंगल के दौरान मौजूदा सभासद सर्वेद अंसारी ने तैय्यब पहलवान का हाथ मिलवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने से पहलवान का हौसला बढ़ा। अखाड़े में उनके शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर सराहना की।![]()
तैय्यब पहलवान के पिता ने बताया कि उनका बेटा वर्ष 2013 से पहलवानी कर रहा है। कुश्ती के प्रति उसका जुनून, निरंतर अभ्यास और मेहनत ही उसकी सफलता का प्रमुख आधार है। तैय्यब अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेते हैं और अपने दमदार दांव-पेचों के बल पर जीत हासिल करते हैं।
तैय्यब पहलवान का प्रदर्शन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय एकता विराट दंगल में उनके प्रदर्शन ने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया।